January 15, 2026
दिल्ली दिल्ली-एनसीआर

दिलशाद कॉलोनी अग्निकांड में एमसीडी कर्मचारियों की बहादुरी, समय रहते टली बड़ी दुर्घटना

  • January 10, 2026
  • 0

रिधि दर्पण/ हरि सिंह रावत दिलशाद कॉलोनी, वार्ड-217 में हुई आगजनी की घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कर्मचारी केवल

रिधि दर्पण/ हरि सिंह रावत

दिलशाद कॉलोनी, वार्ड-217 में हुई आगजनी की घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कर्मचारी केवल सफाईकर्मी ही नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में समाज के सच्चे प्रहरी भी हैं। आग लगते ही मौके पर मौजूद निगम कर्मचारियों ने हालात की गंभीरता को समझते हुए दिल्ली फायर सर्विस के पहुंचने का इंतजार किए बिना साहसिक कदम उठाया और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैल रही थी और आसपास के मकानों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका थी। ऐसे समय में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने अपने कर्तव्य से बढ़कर मानवता का परिचय दिया। उपलब्ध संसाधनों और सफाई कार्य में प्रयुक्त वाहनों की मदद से कर्मचारियों ने आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया, जिससे स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में आ गई।
कुछ ही देर में सूचना मिलने पर दिल्ली फायर सर्विस की गाड़ियां और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। लेकिन स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि निगम कर्मचारियों ने समय रहते यह साहसिक पहल न की होती, तो आग भयावह रूप ले सकती थी और बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने खुले दिल से दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों की प्रशंसा की। लोगों का कहना है कि ये कर्मचारी अक्सर पर्दे के पीछे रहकर शहर की सेवा करते हैं, लेकिन इस घटना ने उनके साहस, जिम्मेदारी और सामाजिक संवेदनशीलता को सबके सामने ला दिया।


यह घटना समाज के लिए एक गहरा और भावनात्मक संदेश छोड़ती है कि सच्ची सेवा पद या पहचान की मोहताज नहीं होती। दिल्ली नगर निगम के कर्मचारी अपने कर्तव्य से कहीं आगे बढ़कर, हर संकट में समाज के साथ खड़े रहते हैं। उनका यह निस्वार्थ और साहसिक कार्य न केवल सराहनीय है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *