January 15, 2026
उत्तर प्रदेश

रामभक्ति की अनुपम मिसाल:गुमनाम श्रद्धालु ने राम मंदिर को भेंट की 30 करोड़ की दिव्य प्रतिमा

  • December 30, 2025
  • 0

@अयोध्या (एजेंसी) मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण का एक अद्वितीय उदाहरण अयोध्या में सामने आया है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के लिए एक गुमनाम

@अयोध्या (एजेंसी)

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण का एक अद्वितीय उदाहरण अयोध्या में सामने आया है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के लिए एक गुमनाम श्रद्धालु ने भगवान राम की भव्य और अलौकिक प्रतिमा भेंट की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
यह प्रतिमा 10 फीट ऊँची और 8 फीट चौड़ी है, जबकि इसका वजन लगभग 5 क्विंटल बताया गया है। प्रतिमा को कर्नाटक शैली में तैयार किया गया है, जिसमें दक्षिण भारत के कुशल कारीगरों ने सोने, हरे पत्थरों और अन्य बहुमूल्य रत्नों का उपयोग कर भगवान श्रीराम के दिव्य स्वरूप को साकार किया है।


मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह भव्य प्रतिमा किस श्रद्धालु द्वारा भेजी गई है। मंदिर प्रशासन का कहना है कि इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी। प्रतिमा को कर्नाटक से अयोध्या लाने में करीब 5 से 6 दिन का समय लगा और इसे विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच रामनगरी तक पहुँचाया गया।
बताया जा रहा है कि रामलला की इस नई प्रतिमा को संत तुलसीदास मंदिर परिसर के सामने स्थित अंगद टीला क्षेत्र में स्थापित करने को लेकर विचार-विमर्श चल रहा है। प्रतिमा की स्थापना से पहले विधिवत अनावरण किया जाएगा, जिसके बाद प्राण-प्रतिष्ठा समारोह आयोजित होने की संभावना है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े सूत्रों का कहना है कि यह प्रतिमा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि सनातन संस्कृति, कला और भक्ति का अद्भुत संगम भी प्रस्तुत करती है। गुमनाम रहते हुए इतना बड़ा दान देना यह दर्शाता है कि सच्ची भक्ति नाम और पहचान की मोहताज नहीं होती।
रामनगरी अयोध्या में यह दिव्य भेंट आने वाली पीढ़ियों के लिए भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा, त्याग और समर्पण की अमिट मिसाल बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *