March 2, 2026
दिल्ली दिल्ली-एनसीआर

नए साल में गरीबों का सबसे बड़ा सपना होगा साकारअपने घर की चाबी पाएंगे हजारों परिवार: CM रेखा गुप्ता

  • December 30, 2025
  • 0

@नई दिल्ली हरि सिंह रावत रिधि दर्पण! नववर्ष 2026 दिल्ली के हजारों गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई रोशनी लेकर आएगा। जिन लोगों ने वर्षों तक

@नई दिल्ली हरि सिंह रावत रिधि दर्पण!

नववर्ष 2026 दिल्ली के हजारों गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई रोशनी लेकर आएगा। जिन लोगों ने वर्षों तक झुग्गियों और अस्थायी ठिकानों में जिंदगी गुजारी, उन्हें अब अपने पक्के घर की चाबी मिलने जा रही है। दिल्ली सरकार ने ऐलान किया है कि नए साल में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त फ्लैट आवंटित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल चार दीवारें खड़ी करना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व देना है। उन्होंने कहा, “हर गरीब का अपना घर हो—यही हमारा संकल्प है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न पुनर्विकास और आवासीय योजनाओं के तहत तैयार फ्लैटों का आवंटन चरणबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। इन आवासों में बिजली, स्वच्छ पानी, सीवर, पक्की सड़कें और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध होंगी, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सरकार की नीति है—
“जहां झुग्गी थी, वहीं पक्का मकान”
ताकि गरीब परिवारों को शहर से बाहर न भेजा जाए और उनकी आजीविका, शिक्षा व सामाजिक जीवन प्रभावित न हो।
सरकार के अनुसार, इन आवासीय परिसरों को आधुनिक शहरी मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। इनमें स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी, सामुदायिक भवन और हरित क्षेत्र जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं, जिससे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को बेहतर जीवन मिल सके।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि आवंटन प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही, देरी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना सरकार की प्राथमिकताओं में शीर्ष पर है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके प्रेरणा स्रोत हैं। “प्रधानमंत्री जी का सपना है कि देश का हर गरीब अपने घर में सम्मान के साथ रहे। उसी संकल्प से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार यह कदम उठा रही है,” उन्होंने कहा।
नए साल का यह फैसला गरीबों के लिए किसी “न्यू ईयर गिफ्ट” से कम नहीं है, जो हजारों परिवारों के वर्षों पुराने अपने घर के सपने को हकीकत में बदलने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *