January 15, 2026
दिल्ली दिल्ली-एनसीआर

अगले महीने तक शुरू होंगे 187 आयुष्मान आरोग्य मंदिर — मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान

  • November 10, 2025
  • 0

नई दिल्लीअरुण शर्मा रिधि दर्पण! दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी की जनता के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि अगले महीने तक 187

नई दिल्लीअरुण शर्मा रिधि दर्पण!

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी की जनता के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि अगले महीने तक 187 नए “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” शुरू किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली के हर नागरिक को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि अब दिल्ली की जनता को इलाज के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में निःशुल्क दवाइयों के साथ-साथ जांच, परामर्श और प्राथमिक उपचार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल 168 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में इलाज शुरू हो चुका है, जबकि शेष 187 केंद्र अगले महीने से काम करने लगेंगे। इन केंद्रों पर योग्य डॉक्टरों, नर्सों और फार्मासिस्ट्स की नियुक्ति भी की जा रही है।

दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं में नया अध्याय

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं में अब एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने बताया कि जहां पहले आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा चलाए जा रहे मोहल्ला क्लीनिक अधिकांश स्थानों पर निष्क्रिय हो चुके हैं, वहीं उनकी सरकार ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” की शुरुआत कर एक सशक्त विकल्प जनता को दिया है।

रेखा गुप्ता ने कहा —> “हमारा लक्ष्य है कि दिल्ली का कोई भी नागरिक सिर्फ पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री जी से प्रेरणा लेकर हमने यह संकल्प लिया है कि दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं का नया युग शुरू किया जाए।”

प्रधानमंत्री के विजन से प्रेरित

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार का यह अभियान प्रधानमंत्री के “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के विजन से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, टेली-मेडिसिन सुविधाएं और फार्मासिस्ट इंटरव्यू प्रक्रिया जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारें केवल घोषणाओं तक सीमित रहीं, लेकिन उनकी सरकार धरातल पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार केवल वादों से नहीं, बल्कि कार्यों से दिखेगा, और “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” इसका उदाहरण हैं।

राजधानी के विभिन्न इलाकों में इस घोषणा के बाद लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि अगर यह योजना जमीन पर पूरी तरह उतरी, तो गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए यह एक बड़ा राहत कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *