January 15, 2026
डिफेंस

अरब सागर में भारतीय तटरक्षक बल ने ईरानी मछुआरे का साहसिक लंबी दूरी का रेस्क्यू ऑपरेशन किया

  • October 30, 2025
  • 0

नई दिल्ली, इंदु रावत रिधि दर्पण ।भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard – ICG) ने एक बेहद साहसिक और जटिल अभियान के तहत अरब सागर के बीचों-बीच फंसे

नई दिल्ली, इंदु रावत रिधि दर्पण ।
भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard – ICG) ने एक बेहद साहसिक और जटिल अभियान के तहत अरब सागर के बीचों-बीच फंसे एक गंभीर रूप से घायल ईरानी मछुआरे को लंबी दूरी से सुरक्षित चिकित्सा सहायता प्रदान की। यह अभियान लगभग 1500 किलोमीटर पश्चिम में, कोच्चि तट से दूर संचालित किया गया।

यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (Maritime Rescue Coordination Centre – MRCC), मुंबई को ईरान के MRCC चाबहार से सूचना मिली कि ईरानी फिशिंग जहाज ‘अल-ओवैस’ पर इंजन खराबी और एक गंभीर चिकित्सकीय आपात स्थिति उत्पन्न हो गई है।


जहाज पर पाँच क्रू सदस्य मौजूद थे, जिनमें उसके कप्तान अल्लाह बख्श (ईरानी नागरिक) को ईंधन ट्रांसफर के दौरान हुए विस्फोट में दोनों आंखों में गंभीर चोटें और दाहिने कान पर गहरा घाव आया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, MRCC मुंबई ने तुरंत इंटरनेशनल सेफ्टी नेटवर्क (ISN) को सक्रिय किया और आसपास के जहाजों को सतर्क किया।
उसी समय, पूर्वी अफ्रीकी देशों के मिशन से लौट रहे ICG जहाज ‘सचेत’ को तत्काल सहायता के लिए निर्देशित किया गया।

साथ ही, ‘एमटी एसटीआई ग्रेस’ (MT STI Grace) नामक मार्शल आइलैंड ध्वजांकित टैंकर, जो कुवैत से मोरोनी (कोमोरोज़) की ओर जा रहा था, को 27 अक्तूबर 2025 की तड़के 02:10 बजे दिशा बदलकर संकटग्रस्त नाव की सहायता के लिए भेजा गया।
यह टैंकर उसी दिन सुबह 10:00 बजे ‘अल-ओवैस’ तक पहुंचा और घायल मछुआरे को जहाज पर लाकर ICG चिकित्सा टीम के मार्गदर्शन में टेली-मेडिकल सहायता और प्राथमिक उपचार दिया।

इसके बाद, MRCC मुंबई ने ‘एमटी एसटीआई ग्रेस’ को ‘ICG सचेत’ के साथ मिलने का निर्देश दिया ताकि मरीज का हस्तांतरण और आगे की चिकित्सा व्यवस्था की जा सके। यह जटिल ट्रांसफर ऑपरेशन 28 अक्तूबर 2025 को सुबह 09:27 बजे कठिन समुद्री परिस्थितियों में सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

वर्तमान में घायल ईरानी मछुआरा ICG जहाज ‘सचेत’ पर चिकित्सा उपचार प्राप्त कर रहा है, जो आगे की चिकित्सा सहायता के लिए गोवा की ओर अग्रसर है।

यह जटिल और चुनौतीपूर्ण अभियान भारतीय तटरक्षक बल की मानवता, समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानवीय सहायता के प्रति प्रतिबद्धता को एक बार फिर सशक्त रूप से प्रदर्शित करता है।
भारतीय तटरक्षक बल ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि वह भारतीय महासागर क्षेत्र (Indian Ocean Region) में एक विश्वसनीय और सक्षम समुद्री खोज एवं बचाव एजेंसी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *