March 2, 2026
क्राइम ख़बरें दिल्ली दिल्ली-एनसीआर

पूर्वी दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 1 करोड़ 60 लाख रुपये की ड्रग्स बरामद, 7 तस्कर गिरफ्तार

  • October 29, 2025
  • 0

@डिजिटल डेस्क रिधि दर्पण ! पूर्वी दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 1 करोड़ 60 लाख रुपये की ड्रग्स बरामद, 7 तस्कर गिरफ्तार पूर्वी दिल्ली ज़िले की एंटी-नारकोटिक्स

@डिजिटल डेस्क रिधि दर्पण !

पूर्वी दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 1 करोड़ 60 लाख रुपये की ड्रग्स बरामद, 7 तस्कर गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली ज़िले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड (ANS) ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने दो कारों से भारी मात्रा में स्मैक और गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कीमत करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस की उस सतर्कता का नतीजा है जो नशामुक्त समाज के उद्देश्य को लेकर लगातार अभियान चला रही है।

दिल्ली पुलिस के एसीपी संजय सिंह और एएनएस इंचार्ज के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। 27 अक्टूबर 2025 को पुलिस को एक पुख्ता सूचना मिली कि छठ पूजा के दौरान अधिकांश पुलिस बल ड्यूटी में व्यस्त होने का फायदा उठाते हुए दो गाड़ियाँ भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर दिल्ली में प्रवेश करने वाली हैं। सूचना में बताया गया कि आरोपी मोहम्मद अमान और अरीब Hyundai i-20 कार में स्मैक लेकर आ रहे हैं, जबकि उनके साथी नादिर खान और नवील Hyundai Aura (बिना नंबर प्लेट) कार में गांजा लेकर दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं।

पुलिस ने इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग़ाज़ीपुर बॉर्डर (NH-9) पर जाल बिछाया। थोड़ी देर बाद दोनों संदिग्ध कारें वहां पहुंचीं, जिन्हें रोककर पुलिस टीम ने तलाशी ली। Hyundai Aura कार से पांच बोरों में 121 किलो 58 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जबकि Hyundai i-20 कार से 600 ग्राम स्मैक/हेरोइन मिली। दोनों कारों में सवार सातों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी के बाद थाना ग़ाज़ीपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 20, 21, 25 और 29 के तहत एफआईआर नंबर 473/25 दर्ज की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में नवील, तालिब, नादिर खान उर्फ साहिल, मोहम्मद अमान, अरीब, अर्सू और तरक़्की शामिल हैं। इनमें नवील दरियागंज का रहने वाला 23 वर्षीय युवक है, जो पहले चार बार चोरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुका है। तालिब तुर्कमान गेट निवासी है और उसके खिलाफ डकैती, वसूली व हथियार अधिनियम से जुड़े 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। नादिर खान उर्फ साहिल दरियागंज का निवासी और घोषित अपराधी है, जबकि मोहम्मद अमान, जो 50 वर्ष का है, पहले 32 बार पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। अरीब, अर्सू और तरक़्की भी इनसे जुड़े कैरियर और सहयोगी बताए जा रहे हैं।
पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले चोरी, झपटमारी और लूट जैसी वारदातों में शामिल थे, लेकिन जेल में और चांदनी महल क्षेत्र में मिलने के बाद उन्होंने नशे के धंधे में कदम रखा। ये लोग उत्तर प्रदेश से स्मैक और गांजा खरीदकर दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में छोटे पैकेटों में बेचते थे। उनका उद्देश्य जल्दी पैसा कमाना था और इसी लालच में उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी को अपना धंधा बना लिया।

फिलहाल पुलिस टीम इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों और ग्राहकों की तलाश में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है ताकि इस ड्रग्स गिरोह की पूरी जड़ें उजागर की जा सकें। पुलिस का कहना है कि यह अभियान दिल्ली को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ी सफलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *