January 15, 2026
दिल्ली दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक, चाणक्यपुरी में शहीद पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि“राष्ट्र सेवा में बलिदान देने वाले वीरों को नमन”

  • October 25, 2025
  • 0

नई दिल्ली हरि सिंह रावत रिधि दर्पण। सर्वात्म समर्पण और अदम्य साहस के प्रतीक पुलिसकर्मियों की याद में ऑल इंडिया पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस

सर्वात्म समर्पण और अदम्य साहस के प्रतीक पुलिसकर्मियों की याद में ऑल इंडिया पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक, चाणक्यपुरी में शहीद पुलिसकर्मियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केंद्रीय स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों के बलिदान को नमन किया।

प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है, ताकि उन बहादुर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जा सके जिन्होंने देश सेवा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए। इस वर्ष दिल्ली पुलिस को 24 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर मुख्य कार्यक्रम के आयोजन का दायित्व सौंपा गया था। इसके तहत 22 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2025 तक दिल्ली पुलिस के विभिन्न जिलों और इकाइयों में भी अनेक स्मृति कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ‘रन फॉर मार्टियर्स’ से हुई, जिसमें पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नेहरू पार्क से राष्ट्रीय पुलिस स्मारक तक दौड़ का नेतृत्व किया। दौड़ के समापन पर स्मारक पर पुष्प अर्पण कर शहीदों को नमन किया गया।

दोपहर में दिल्ली पुलिस के शहीद कर्मियों के परिजन और सेवा में कार्यरत पुलिसकर्मी स्मारक स्थल पहुंचे। उन्होंने सेंट्रल स्कल्पचर पर पुष्प अर्पित किए और वॉल ऑफ वेलर पर अंकित शहीदों के नामों को नमन किया। परिजनों के लिए स्मारक थिएटर में एक विशेष वीडियो प्रदर्शन किया गया जिसमें पुलिसकर्मियों की वीरता, समर्पण और बलिदान के प्रेरक प्रसंग दर्शाए गए।

शाम को पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा अपनी धर्मपत्नी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्मारक स्थल पहुंचे। सभी ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात दिल्ली पुलिस के ब्रास बैंड और पाइप बैंड ने वीर शहीदों की स्मृति में मनमोहक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का समापन बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी और वॉल ऑफ वेलर पर शहीदों को सामूहिक श्रद्धांजलि के साथ हुआ।

यह आयोजन न केवल दिल्ली पुलिस के गौरवशाली इतिहास और शौर्य परंपरा का प्रतीक रहा, बल्कि इसने यह भी संदेश दिया कि दिल्ली पुलिस सदैव राष्ट्र सेवा और जन सुरक्षा के लिए तत्पर है। शहीदों की अमर गाथा नई पीढ़ी को सदैव प्रेरित करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *