February 17, 2026
क्राइम ख़बरें दिल्ली दिल्ली-एनसीआर

चांदनी चौक के गांधी पार्क में युवक की हत्या का खुलासा, दोस्त गिरफ्तार

  • February 17, 2026
  • 0

रिधि दर्पण/ हरि सिंह रावत राजधानी के चांदनी चौक स्थित गांधी पार्क में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर की गई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा

रिधि दर्पण/ हरि सिंह रावत

राजधानी के चांदनी चौक स्थित गांधी पार्क में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर की गई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में मृतक कांचा के दोस्त जुनैद खान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है।

उत्तरी जिला डीसीपी राजा बाँठिया के अनुसार, एसीपी (कोतवाली) शंकर बनर्जी और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुमन कुमार की निगरानी में एसआई नीरज, दीपक और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम का गठन किया गया था। घटनास्थल से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला जिससे मृतक की पहचान हो सके, वहीं आसपास सीसीटीवी कैमरे भी नहीं थे।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने इलाके, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों समेत विभिन्न स्थानों के 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लोकल इंटेलिजेंस की मदद ली गई और करीब 400 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी जुनैद खान का सुराग मिला, जिसके बाद उसे शाम खोया वाली गली, लेबर चौक क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शामली का निवासी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक कांचा और जुनैद एक-दूसरे को जानते थे और फुटेज में दोनों को दोस्त की तरह साथ घूमते हुए देखा गया था। लोकल सोर्स के जरिए फोटो की पहचान कर आरोपी की पुष्टि की गई।

पूछताछ में जुनैद ने बताया कि कांचा लंबे समय से चांदनी चौक इलाके में फुटपाथ और पार्कों में रह रहा था और आसपास सोने वाले मजदूरों व बेघर लोगों की जेब काटता था। घटना वाले दिन गांधी पार्क में कांचा ने उससे 500 रुपये मांगे। मना करने पर वह जबरन पैसे छीनने लगा। इसी दौरान हाथापाई में जुनैद की कोहनी में चोट लग गई। गुस्से में आकर उसने कांचा को बुरी तरह पीटा और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *