March 2, 2026
दिल्ली दिल्ली-एनसीआर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल का निधन, 90 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

  • December 13, 2025
  • 0

नई दिल्ली, अरुण शर्मा रिधि दर्पण कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और गांधी परिवार के करीबी सहयोगी रहे शिवराज पाटिल का शुक्रवार को महाराष्ट्र के

नई दिल्ली, अरुण शर्मा रिधि दर्पण

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और गांधी परिवार के करीबी सहयोगी रहे शिवराज पाटिल का शुक्रवार को महाराष्ट्र के लातूर स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। परिवार के अनुसार, बीमारी के चलते उनका इलाज चल रहा था।

1935 में जन्मे शिवराज पाटिल कांग्रेस के उन अनुभवी नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने दशकों तक राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। वह गांधी परिवार के विश्वासपात्र माने जाते थे और इंदिरा गांधी, राजीव गांधी तथा सोनिया गांधी के साथ लंबे समय तक काम किया।

अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में शिवराज पाटिल ने कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई। वह लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय गृह मंत्री, महाराष्ट्र के राज्यपाल और संसद सदस्य रहे। उनकी पहचान एक सुलझे हुए, सौम्य और सिद्धांतवादी नेता के रूप में थी।

राजनीतिक सफर की शुरुआत उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति से की और बाद में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई। वह 2004 से 2008 तक यूपीए सरकार में केंद्रीय गृह मंत्री रहे। 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे राजनीतिक शुचिता के उदाहरण के रूप में देखा जाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। राहुल गांधी ने उन्हें “देश और कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति” बताया और कहा कि जनसेवा के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।

शिवराज पाटिल के निधन से देश ने एक अनुभवी, विनम्र और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले नेता को खो दिया है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को लातूर में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *